एस एस बी सीमा चौकी सतना ने 126 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ एक मोटरसाइकिल को किया जब्त, तस्कर फरार l
जुबैर अंसारी स्पेशल क्रोस्पोंडेंट ऑफ बिहार l
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी सतना के सीमा क्षेत्र में दिनांक 15 अगस्त 2026 को लगभग 2045 बजे सीमा सुरक्षा ड्यूटी के दौरान जवानों द्वारा 126 लीटर नेपाली देशी शराब (दिलवाले) एवं एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई।
सीमा चौकी सतना में मुख्य द्वार पर ड्यूटी में तैनात जवान ने देखा कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरी में सामान लादकर सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप नेपाल से भारत की ओर आ रहा है। ड्यूटी पर तैनात जवान द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया। जवान को देखते ही उक्त व्यक्ति मोटरसाइकिल एवं सामान छोड़कर नेपाल की ओर भाग गया।
इसके पश्चात जवानों द्वारा मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें से 420 बोतलें, कुल 126 लीटर नेपाली देशी शराब (दिलवाले) बरामद हुईं। साथ ही मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

जब्त किए गए शराब एवं मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत उत्पाद विभाग, सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) इफ्तेखार अहमद खान के नेतृत्व में अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सशस्त्र सीमा बल द्वारा लगातार सतर्कता बरतते हुए प्रभावी कार्रवाई की जारही है l
