रेहान ख़ान ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद 9452755077
वन्देमातरम् के 150 वर्ष पूरे, ABVP ने निकाली तिरंगा यात्रा,मोहम्मदाबाद में राष्ट्रभक्ति का संदेश, बड़ी संख्या में युवा शामिल
फर्रुखाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की मोहम्मदाबाद नगर इकाई ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक ‘वन्देमातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा हाल ही में 15 अगस्त को सुबह 8:00 बजे निकाली गई।
यह तिरंगा यात्रा गणपति कोल्ड, मोहम्मदाबाद से प्रारंभ हुई और नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी बैंक ऑफ इंडिया के समीप संपन्न हुई। यात्रा में विद्यार्थी, युवा, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी तिरंगा लेकर राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के नारों के साथ शामिल हुए।
ABVP का मानना है कि ‘वन्देमातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता का उद्घोष, आत्मगौरव का प्रतीक और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रेरणा है। संगठन के अनुसार, इसके 150 वर्ष पूरे होने का अवसर देश की युवा पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर तहसील संयोजक गोपी गिहार ने कहा, “वन्देमातरम् ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों देशभक्तों में राष्ट्रसेवा का अदम्य साहस और ऊर्जा का संचार किया। आज भी यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थी परिषद इस ऐतिहासिक अवसर को जन-जन तक पहुँचाने और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रही है। गिहार ने समस्त छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों एवं नगरवासियों से इस राष्ट्रभक्ति के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर तिरंगे के सम्मान और भारत माता की गौरवशाली परंपरा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष प्रशांत राठौड़ और पूर्व नगर अध्यक्ष सचिन चंदेल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
