पैतृक भूमि पर निर्माण को लेकर विवाद, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

*पैतृक भूमि पर निर्माण को लेकर विवाद, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार*

 

ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा

हरदोई यूपी।

मल्लावां विकास खंड के ग्राम मुर्तजाकुल्लीपुर में पैतृक भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री योगी को प्रार्थना पत्र भेजकर निर्माणाधीन दीवार गिराने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं भूमि विवाद के मामले में उपजिलाधिकारी बिलग्राम ने राजस्व टीम को मौके पर नापजोख कर समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। ग्राम मुर्तजाकुल्लीपुर निवासी आशीष कुमार शुक्ला, ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उनकी पैतृक भूमि मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जिसका पूर्व में सरकारी बंटवारा हो चुका है तथा राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन भी हो चुका चुका है। आरोप है कि प्रार्थी अपनी भूमि पर दीवार का निर्माण करा रहे थे, तभी पड़ोसी भूमि स्वामियों और उनके समर्थकों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध किया।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे विपक्षियों ने निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो और ऑडियो साक्ष्य उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत स्थानीय थाना, उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी की गई, लेकिन तीन माह बीतने के बाद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र में पीड़ित पक्ष ने वीडियो साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने और पुलिस सुरक्षा के बीच निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। इधर, इसी प्रकरण से जुड़े भूमि विवाद को लेकर आशीष कुमार,ने उपजिलाधिकारी बिलग्राम को भी प्रार्थना पत्र दिया। इसमें वर्ष 1989 में हुए सरकारी बंटवारे और विभिन्न गाटा संख्याओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ लोग उनके हिस्से की भूमि में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बिलग्राम ने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और संबंधित अधिकारियों को बंटवारे के अभिलेखों के अनुसार मौके की नापजोख कर विवाद का समाधान कराने के निर्देश दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *