मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन
बहराइच। समाजवादी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, वोट बचाओ-देश बचाओ’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को पार्टी के चार युवा फ्रंटल संगठनों ने कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा लोहिया वाहिनी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, छात्र सभा और युवजन सभा के जिलाध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष नन्देश्वर नन्द यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष मयंक मिश्रा, छात्र सभा जिलाध्यक्ष रविन्द्र मौर्या और युवजन सभा जिलाध्यक्ष मोहम्मद अफसाल ने किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ज्ञापन में मांग की गई कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पदच्युत किया जाए और वोट चोरी से बनी सरकारों को बर्खास्त किया जाए। साथ ही वोट चोरी के लिए जिम्मेदार एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल समाप्त करने की मांग की गई।
बहराइच से ब्यूरो चीफ शिवकुमार वर्मा की रिपोर्ट
