Etawah News: प्रेरणा जुबैरी बनीं कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता, प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Etawah News: प्रेरणा जुबैरी बनीं कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता, प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

इटावा। मारुति कुटीर, कोऑपरेटिव बैंक के निकट मैनपुरी फाटक के पास बुधवार को कांग्रेस की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रेरणा जुबैरी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग में प्रदेश प्रवक्ता मनोनीत किए जाने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांग्रेस की ओर से 14 सितंबर को जारी नई मीडिया टीम की सूची में प्रेरणा जुबैरी का नाम प्रदेश प्रवक्ताओं में शामिल है।

 

इस अवसर पर प्रेरणा जुबैरी ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने इटावा जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली सरकार के शासनकाल में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनके अनुसार आए दिन महिलाओं से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता से जुड़े विषयों को संगठन के मंच के साथ-साथ मीडिया के माध्यम से भी प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

 

प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, शहर अध्यक्ष राशिद खान, कोमल कुशवाह, परमार जी, सेवानिवृत्त शिक्षक इंतिखाब आलम, समाजसेवी दीपक राज, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता वास्पति दुबे, अभिरल परमार, पूर्व प्रदेश सचिव प्रेम किशोर द्विवेदी, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, सीपीआईएम जिला सचिव मंडल सदस्य कामरेड प्रेमशंकर यादव, पत्रकार जुबैरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *