इंडिया-चाइना कार्ड’ में विश्वास नहीं करती बालेन सरकार: सांसद हरि पंत

‘इंडिया-चाइना कार्ड’ में विश्वास नहीं करती बालेन सरकार: सांसद हरि पंत

 

बोले—नेपाल के राष्ट्रीय हित को केंद्र में रखकर भारत से संबंधों को दिया जाएगा उच्च महत्त्व

 

 

श्यामल प्रतीक | भारत–नेपाल विशेष रिपोर्ट

वीरगंज,

 

रक्सौल /बीरगंज -नेपाल की वर्तमान सरकार भारत के साथ संबंधों को उच्च महत्त्व देती है और ‘इंडिया कार्ड’ तथा ‘चाइना कार्ड’ की राजनीति में विश्वास नहीं करती। नेपाल के राष्ट्रीय हित को केंद्र में रखकर भारत के साथ रिश्तों को आगे बढ़ाया जाएगा। यह बात राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के पर्सा सभापति एवं प्रतिनिधिसभा सदस्य हरि पंत ने कही।

 

वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से सोमवार को टाउन हॉल में भारतीय राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष सांस्कृतिक समारोह को संबोधित करते हुए पंत ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध विशिष्ट हैं। दोनों देशों के रिश्ते केवल राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आधारों पर भी गहराई से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझा धार्मिक धरोहर, परंपराएं और त्योहार लोगों के बीच आपसी संबंधों को जीवंत बनाए रखते हैं। यह साझा सांस्कृतिक विरासत नेपाल और भारत के ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करती है।

 

पंत ने विश्वास जताया कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने में योगदान देगा।

 

भारतीय महावाणिज्य दूत देवी सहाय मीना की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में नई दिल्ली स्थित भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की ओर से सुश्री विजया भारती के नेतृत्व में आए दल ने सांगीतिक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर महावाणिज्य दूत मीना ने ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक महत्त्व पर प्रकाश डाला। समारोह में स्थानीय एवं भारतीय सांस्कृतिक प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *