इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
भियांव में ग्राम पंचायत सचिवों व पंचायत सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत विकास खंड भियांव सभागार में ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) विषयक दो दिवसीय विकास खंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया।प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना को प्रभावी पारदर्शी एवं जनभागीदारी आधारित बनाना था। दो दिनों तक आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को विकास योजनाओं की तैयारी, उनके प्रभावी क्रियान्वयन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के बेहतर संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया ।प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर प्रदीप कुमार एवं सूर्यभान पटेल ने ग्राम पंचायतों की समग्र विकास योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पंचायत स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली तथा ग्राम पंचायत विकास योजना को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने बताया कि जीपीडीपी के 15 गुणवत्ता पूर्ण संकेतक एवं स्कोरिंग फ्रेमवर्क के आधार पर ग्राम पंचायतों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को विभिन्न मानकों के अनुसार अंक (स्कोर) प्रदान किए जाएंगे जिससे पंचायतों में प्रतिस्पर्धा पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।समापन अवसर पर एडीओ पंचायत फिरदौश आलम ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में प्रभावी ढंग से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना निर्माण गुणवत्तापूर्ण कार्यों एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
