मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर को दी भावभीनी विदाई
मुकेश कुमार-स्टेट हेड-बिहार/झारखंड
पटना(बिहार)।बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी.राजेन्दर, (भा.प्र.से.)के सम्मान में आज बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत(भा.प्र.से.)की ओर से एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।इस समारोह में मुख्यालय में पदस्थ सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव,प्रधान सचिव,सचिव एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारीगण सम्मिलित हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार सिंह,(भा.प्र.से.)के स्वागत उद्बोधन से हुआ।इसके उपरांत सामान्य प्रशासन विभाग की उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं प्रशासनिक सुधारों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।फिल्म में बी.राजेन्दर के कार्यकाल के दौरान विभाग में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों, नवाचारों एवं सुशासन संबंधी पहलों का प्रभावशाली चित्रण किया गया।इसमें अभिलेखों के वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन,HRMS,सहयोग पोर्टल तथा ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ सामान्य प्रशासन विभाग तथा बिपार्ड,गया को प्राप्त आईएसओ प्रमाणन एवं बिपार्ड,पटना को हाल ही में प्राप्त आईएसओ प्रमाणन जैसी उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
समारोह के दौरान उन वरिष्ठ अधिकारियों ने, जिन्होंने बी.राजेन्दर के साथ निकटता से कार्य किया,अपने अनुभव साझा किए।सभी पदाधिकारियों ने उनके अनुशासित व्यक्तित्व, समयपालन,प्रशासनिक दक्षता,त्वरित निर्णय क्षमता तथा कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन की बहुत सराहना की।पदाधिकारियों ने कहा कि बी.राजेन्दर के नेतृत्व में सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक सुधारों एवं संस्थागत नवाचारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।वे हम सभी के लिए एक आदर्श हैं।अपने संबोधन में बी.राजेन्दर ने अधिकारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के उच्चतम मानक स्थापित करने, आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा शासकीय कार्यों एवं फाइलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि सुशासन की वास्तविक पहचान संवेदनशीलता, पारदर्शिता,जवाबदेही तथा समयबद्ध कार्य संस्कृति में निहित है। उन्होंने अधिकारियों से सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,(भा.प्र.से.)ने बी.राजेन्दर के दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं राज्य प्रशासन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।उन्होंने श्री बी. राजेन्दर के स्वस्थ,सुखद एवं यशस्वी भावी जीवन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
समारोह के समापन अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बी. राजेन्दर को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी।इस अवसर पर बी. राजेन्दर की धर्मपत्नी श्रीमती जया भी उपस्थित रहीं।अपने उद्बोधन में बी. राजेंद्र ने अपनी प्रशासनिक यात्रा की सफलता का श्रेय अपनी धर्मपत्नी को देते हुए उन्हें अपने जीवन एवं सेवाकाल का सबसे बड़ा संबल बताया।कार्यक्रम का समापन बी.राजेन्दर के स्वस्थ,सुखद एवं यशस्वी भावी जीवन तथा बिहार राज्य के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
