संवाददाता….
हितेश कुमार जोशी
ग्लोबल अस्पताल नेत्र संस्थान ने 375 बालिकाओं के नेत्रों की जांच की 88 बालिकाएं चिन्हित, 25 को विशेषज्ञ उपचार के लिए किया रेफर
सिरोही-पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरोही में ग्लोबल अस्पताल नेत्र संस्थान की ओर से बालिकाओं के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय की 375 बालिकाओं के नेत्रों की जांच कर उनकी दृष्टि एवं नेत्र स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया।कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन कुमारी एवं पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि नेत्र जांच के दौरान 88 बालिकाओं को चिन्हित किया गया है। चिन्हित बालिकाओं को आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, विस्तृत जांच एवं विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता को देखते हुए 25 बालिकाओं को आबूरोड स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में उपचार हेतु रेफर किया गया है।उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान अनुपस्थित रही 85 बालिकाओं की नेत्र जांच दूसरे चरण में की जाएगी, ताकि विद्यालय की प्रत्येक बालिका को नेत्र स्वास्थ्य जांच का लाभ मिल सके। पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि ग्लोबल अस्पताल नेत्र संस्थान द्वारा सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की निःशुल्क नेत्र जांच की जाती है तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को चश्मे भी उपलब्ध कराए जाते हैं।

गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को आबूरोड स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार के लिए रेफर किया जाता है।नेत्र जांच दल में नेत्र परीक्षण अधिकारी शालू हाड़ा, हरप्रिया, अमरीन कुरैशी, राम दीपरा, सुरेश कुमार एवं जितेंद्र कुमार ने बालिकाओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्रीमती सुमन कुमारी एवं पीएम श्री प्रभारी गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं बेहतर दृष्टि के लिए निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराने पर ग्लोबल अस्पताल नेत्र संस्थान की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बालिकाओं में नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
