कार्मिकों के प्रथम चरण के बकाया मानदेय भुगतान की मांग तेज दो माह बाद भी भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में रोष निदेशक जनगणना संचालन राजस्थान को पत्र भेजकर शीघ्र भुगतान की मांग

संवाददाता…

हितेश कुमार जोशी

कार्मिकों के प्रथम चरण के बकाया मानदेय भुगतान की मांग तेज दो माह बाद भी भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में रोष निदेशक जनगणना संचालन राजस्थान को पत्र भेजकर शीघ्र भुगतान की मांग

एंकर…सिरोही जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्ण हुए करीब दो माह बीत जाने के बावजूद कार्मिकों को मानदेय का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ जिला सिरोही ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निदेशक, जनगणना संचालन राजस्थान बिष्णु चरण मलिक को पत्र एवं ई-मेल के माध्यम से अवगत करवाकर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।महासंघ के पूर्व प्रदेश संयुक्त महामंत्री गोपाल सिंह राव पोसालिया एवं राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ जिला सिरोही के जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह भाटी मोहब्बत नगर ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण का कार्य कार्मिकों द्वारा निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।कार्मिकों ने भीषण गर्मी के दौरान अपने नियमित विभागीय दायित्वों के साथ जनगणना का महत्वपूर्ण कार्य पूरी जिम्मेदारी से संपादित किया, लेकिन कार्य पूर्ण होने के लगभग दो माह बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।ग्रीष्मकालीन अवकाश में किया कार्य, मिले उपार्जित अवकाशमहासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान 16 मई 2026 से 15 जून 2026 तक जनगणना कार्य में जुटे रहे। ऐसे कार्मिकों को नियमानुसार उनके द्वारा किए गए अतिरिक्त कार्य के बदले उपार्जित अवकाश दिए जाने की भी मांग की गई है।

राव के अनुसार जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रशासनिक कार्य है। कार्मिकों ने इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ निभाया है। ऐसे में उनके मेहनताने के भुगतान में अनावश्यक देरी उचित नहीं है। मानदेय लंबित रहने से कार्मिकों में निराशा एवं असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है।निदेशक से तत्काल संज्ञान लेने की मांगमहासंघ ने जनगणना संचालन राजस्थान के निदेशक से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा प्रथम चरण में कार्यरत सभी कार्मिकों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करवाने की पुरजोर मांग की है।महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि कार्मिकों ने जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना समय और श्रम दिया है। इसलिए उनके मानदेय का समय पर भुगतान और ग्रीष्मकालीन अवकाश में किए गए कार्य के बदले उपार्जित अवकाश की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष दूर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *