सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
*एफआईआर की कॉपी अब व्हाट्सएप पर, थाने के चक्कर से मिलेगी राहत*
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पीड़ितों की सुविधा और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक और बड़ी पहल शुरू की है। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पीड़ित को उसकी प्रति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। पीड़ित को एफआईआर की कॉपी लेने के लिए बार-बार थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
नई व्यवस्था के तहत एफआईआर दर्ज होते ही संबंधित थाना पीड़ित को उसकी प्रति उपलब्ध कराएगा। यदि किसी कारणवश थाने से एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो पीड़ित के व्हाट्सएप नंबर पर एफआईआर की कॉपी भेजी जाएगी।
वहीं, यदि पीड़ित के पास व्हाट्सएप की सुविधा नहीं है तो संबंधित थाने का पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचकर एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराएगा। पुलिसकर्मी को पीड़ित को एफआईआर की प्रति सौंपते समय फोटो भी खिंचवानी होगी, जिससे भविष्य में रिकॉर्ड और सत्यापन में आसानी हो सके।
महिला पीड़ितों के लिए विशेष व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने महिला पीड़ितों की निजता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है। महिला पीड़ितों को एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने के लिए महिला पुलिसकर्मी को भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी पीड़ित को एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं मिलती है या उसे एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो इसकी जवाबदेही संबंधित प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष की तय की जाएगी।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक इससे पहले कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए संगम प्रयागराज से गंगाजल की व्यवस्था कराकर भी सराहनीय पहल कर चुके हैं। नई एफआईआर व्यवस्था को पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय तथा पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एफआईआर की कॉपी अब व्हाट्सएप पर, थाने के चक्कर से मिलेगी राहत
