ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा तामिया सावन महोत्सव : सांसद श्री साहू

लोकेशन/छिंदवाड़ा/डिविजन हेड पंकज पाल

 

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देगा तामिया सावन महोत्सव : सांसद श्री साहू

 

रिमझिम फुहारों और कोहरे के बीच पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह

 

सावन के झूले बने आकर्षण का केंद्र, महाराष्ट्र-कर्नाटक सहित प्रदेश के अन्य नगरों से आए पर्यटक

 

तामिया का सावन महोत्सव ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। सावन के महीने में यहां का बेहतरीन मौसम पर्यटकों को आकर्षित करता है और होम स्टे देश-विदेश के लोगों को भा रहे हैं। छिंदवाड़ा के अन्य ग्रामों में भी होम स्टे विकसित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण स्वरोजगार को नया आयाम मिल सके। उक्ताशय के विचार सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने तामिया सावन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में डायरेक्टर श्री डी.पी. सिंग, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर, तामिया जनपद अध्यक्ष श्री तुलसा परतेती सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के डायरेक्टर श्री डी.पी. सिंग ने छिंदवाड़ा में चल रहे होम स्टे की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से पर्यटन ग्रामों में बेहतरीन एक्टिविटी की जा रही है। जिले में वर्तमान में 57 होम स्टे चल रहे हैं और करीब 100 होम स्टे बनने हैं। बाकी होम स्टे भी जल्द पूरे किए जाएंगे।

जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से हो रहे तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले लगाए गए हैं, जो पर्यटकों को भा रहे हैं। आदिवासी आर्ट, हस्तशिल्प, हथकरघा की वस्तुओं की बिक्री भी यहां हो रही है। पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी और पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।

आदिवासी धुन पर झूमे सांसद – तामिया सावन महोत्सव में पहुंचे सांसद श्री साहू यहां कार्यक्रम में बेहद अभिभूत दिखे। यहां उन्हें गोंड आर्ट की पेंटिंग भेंट की गई। उन्होंने पर्यटन ग्राम घटलिंगा से आए नृत्य दल के साथ ढोल लेकर डांस किया। महोत्सव में उन्होंने महुए की पुड़ी, समा की खीर और बरबटी की दाल के बड़े का स्वाद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *