Etawah News: एसएमसीटी ट्रस्ट ने दिवंगत सदस्य के परिवार को दी 30,100 रुपये की आर्थिक सहायता

Etawah News: एसएमसीटी ट्रस्ट ने दिवंगत सदस्य के परिवार को दी 30,100 रुपये की आर्थिक सहायता

 

 

आकस्मिक निधन आर्थिक सहयोग योजना के तहत सीधे बैंक खाते में पहुंचाई गई सहायता राशि

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN24 News

 

जसवंतनगर/इटावा। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय सहयोगी मित्र चेरिटेबल ट्रस्ट रजि. (एसएमसीटी) ने अपने जनकल्याणकारी कार्यक्रम के तहत दिवंगत सदस्य के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। मोहल्ला मोहन की मड़ैया, जसवंतनगर निवासी ट्रस्ट सदस्य भूरे सिंह का विगत जुलाई माह में आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद ट्रस्ट की ओर से संचालित आकस्मिक निधन आर्थिक सहयोग योजना के अंतर्गत उनके परिवार को 30 हजार 100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

ट्रस्ट पदाधिकारियों के अनुसार एसएमसीटी अपने सहयोगी मित्र सदस्यों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी आर्थिक सहयोग योजनाएं संचालित करता है। इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरत के समय ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों और उनके परिवारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है। ट्रस्ट की प्रमुख योजनाओं में बिटिया विवाह आर्थिक सहयोग योजना तथा आकस्मिक निधन आर्थिक सहयोग योजना शामिल हैं।

ट्रस्ट की ओर से दी गई

 

जानकारी के मुताबिक अब तक बिटिया विवाह आर्थिक सहयोग योजना के अंतर्गत चार लाभार्थी सदस्यों तथा आकस्मिक निधन आर्थिक सहयोग योजना के अंतर्गत दो लाभार्थी सदस्यों के मामलों में आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इन योजनाओं के माध्यम से अब तक कुल एक लाख अस्सी हजार पांच रुपये की सहायता राशि लाभार्थी सदस्यों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कराई जा चुकी है।

एसएमसीटी ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार जोशी ने बताया कि ट्रस्ट की आर्थिक सहयोग योजनाओं में पारदर्शिता को विशेष प्राथमिकता दी जाती है।

 

ट्रस्ट से जुड़े सहयोगी मित्र सदस्य प्रति माह 100 रुपये का अंशदान करते हैं। यह राशि संबंधित योजना के लाभार्थी सदस्य के बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से, जैसे फोनपे, गूगल पे आदि के जरिए भेजी जाती है। भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसकी रसीद ट्रस्ट की वेबसाइट पर अपलोड की जाती है, जहां से संबंधित सदस्य अपनी दान रसीद डाउनलोड कर सकता है।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी राशि के नियमित सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में बड़ी सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। ट्रस्ट का प्रयास है कि सामाजिक सहयोग की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और लोग आपसी सहयोग के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनें।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र तोमर शीलू ने एसएमसीटी ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहयोगी मित्र चेरिटेबल ट्रस्ट सामाजिक क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता के साथ अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मात्र 100 रुपये प्रतिमाह का अंशदान देकर कोई भी व्यक्ति संस्था की जनकल्याणकारी आर्थिक सहयोग योजनाओं से जुड़ सकता है और जरूरतमंद परिवारों की सहायता में अपना योगदान दे सकता है।

जितेंद्र तोमर शीलू ने कहा कि वे स्वयं भी ट्रस्ट से जुड़कर प्रति माह 100 रुपये का अंशदान कर रहे हैं और इस सामाजिक एवं पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने अन्य लोगों से भी सामाजिक कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

मोहल्ला मोहन की मड़ैया के सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य ने कहा कि वह स्वयं एसएमसीटी ट्रस्ट के सहयोगी मित्र सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट से जुड़े किसी भी सदस्य के सामने यदि विपरीत परिस्थितियां आती हैं तो वह निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन कर संबंधित जनकल्याणकारी योजना का लाभार्थी बन सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं जरूरत के समय परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने का कार्य करती हैं।

एसएमसीटी ट्रस्ट के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रितिक गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट का विस्तार अब देश के आठ राज्यों तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा जरूरतमंद लोगों को पारदर्शी तरीके से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

 

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों के छोटे-छोटे नियमित सहयोग से किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी मदद जुटाई जा सकती है। इसी उद्देश्य के साथ एसएमसीटी सामाजिक सहयोग और जनकल्याण की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा नेता राजवीर सिंह चौहान, मनीष गुप्ता, ट्रस्ट के जिला सचिव दीपक वर्मा, नगर अध्यक्ष शेर सिंह राठौर, नगर उपाध्यक्ष विशाल प्रजापति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से राम रतन राठौर, रमेश राठौर, रामवीर, यतीन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *