Etawah News: आगामी त्योहारों को लेकर जसवंतनगर में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर/इटावा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जसवंतनगर कोतवाली परिसर स्थित सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर के प्रमुख नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजकों ने सहभागिता की। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने गणेश चतुर्दशी सहित आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन करते समय आयोजक निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
सीओ ने विशेष रूप से गणेश पंडाल आयोजकों को अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। पंडालों में विद्युत व्यवस्था सुरक्षित रखने, ज्वलनशील सामग्री से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। लोगों से नदियों एवं गहरे पानी वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों को न बैठाने की सलाह दी गई, ताकि विसर्जन यात्रा के दौरान दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
बैठक के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजकों और नगर के नागरिकों ने त्योहारों के मद्देनजर बिजली, पानी, साफ-सफाई और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त रखने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। आयोजकों ने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ने के कारण इन व्यवस्थाओं का सुचारु रहना बेहद जरूरी है।
