सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
*जर्जर रास्तों और जलभराव से परेशान ग्रामीण, डीएम से लगाई सड़क व नाली निर्माण की गुहार*
फतेहपुर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत दल्लीपुर के मजरा रारा चांदपुर स्थित छिटना की कुरिया गांव में जर्जर रास्तों और जल निकासी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में करीब 20 परिवार निवास करते हैं। गांव को जोड़ने वाले अधिकांश संपर्क मार्ग कच्चे हैं, जबकि कई रास्ते पूर्व में मनरेगा के तहत बनाए गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि देखरेख के अभाव में ये रास्ते अब जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। बारिश के दौरान रास्तों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि करण ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि खराब रास्तों के कारण बच्चों को विद्यालय जाने, बुजुर्गों को आने-जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। आपात स्थिति में स्थिति और गंभीर हो जाती है। वहीं, गांव में पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी सहित विकासखंड स्तर के अधिकारियों को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर जर्जर रास्तों पर खड़ंजा, इंटरलॉकिंग या सड़क निर्माण तथा दोनों ओर नाली का निर्माण कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाता है तो करीब 20 परिवारों को आवागमन और जलभराव की समस्या से राहत मिल सकेगी।
