Etawah News: जसवंतनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न, 15 शिकायतें दर्ज
सीडीओ व एसपी सिटी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को स्थलीय सत्यापन कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संजय सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। समाधान दिवस में कुल 15 शिकायतें दर्ज की गईं, हालांकि इनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।

समाधान दिवस के दौरान भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने नगर में अबैध मीट दुकानदारों पर बिना लाइलेंस का आरोप लगाया तथा रविवार को साप्ताहिक बंदी लागू कराए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बंदी के निर्धारित दिन बाजार में नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
वहीं आलमपुर नरिया के ग्राम प्रधान इंद्रेश कुमार ने खराब पड़े सरकारी नलकूप को दुरुस्त कराए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सिसहाट गांव निवासी विपिन कुमार ने आम रास्ते पर दबंगों द्वारा अवरोध किए जाने की शिकायत अधिकारियों से की। उन्होंने रास्ते को अवरोधमुक्त कराकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की।
इसी क्रम में धरवार निवासी वीरमति ने जमीन उगाही पर दिए जाने के बाद कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। वहीं नगला कंचनिया के ग्रामीणों ने ग्राम समाज के खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद सीडीओ संजय सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करते हुए वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
*सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की*
समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा भेदभाव नहीं होना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा, एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र सागर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो: जसवंतनगर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनते सीडीओ संजय सिंह व एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी।
