शारदीय नवरात्रि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर

 

शारदीय नवरात्रि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न*

 

विद्युत स्वच्छता यातायात मार्गों के गड्ढामुक्तिकरण एवं विसर्जन घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

 

अम्बेडकरनगर।

जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह की उपस्थिति में आगामी शारदीय नवरात्रि/दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सदरपुर के ऑडिटोरियम में संबंधित अधिकारियों दुर्गा पूजा समितियों रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में आगामी 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि तथा इसके उपरांत दशहरा पर्व आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि जनपद में 2043 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना 12 शोभायात्राएं 14 भरत मिलाप कार्यक्रम 132 मेले 68 पुतला दहन एवं 185 रामलीला मंचन प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त 79 अस्थायी एवं 59 स्थायी घाटों पर मूर्ति विसर्जन की जाती है।

बैठक के दौरान थानावार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों से उनकी समस्याओं आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने बैठक में प्राप्त विद्युत संबंधी समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक दुर्गा पंडाल पर दो-दो सफाई कर्मियों की तैनाती करने तथा पंडालों उनके आसपास एवं संपर्क मार्गों पर निरंतर बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को जिन मार्गों के गड्ढामुक्तिकरण हेतु धनराशि उपलब्ध हो चुकी है उन्हें 10 अक्टूबर तक लोक निर्माण विभाग द्वारा गड्ढामुक्त किए जाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा। साथ ही सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों से संबंधित मार्गों की समस्याओं का 10 अक्टूबर तक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन घाटों पर जल सुरक्षा के दृष्टिगत थ्री-लेयर बैरिकेडिंग पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नई परंपरा शुरू न करने एवं अफवाहों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने अवशेष थानों में भी पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी तथा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा पंडाल की मजबूती एवं अन्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा पूजा समितियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं ड्यूटी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी भ्रामक अथवा संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग के साथ-साथ गोताखोरों एवं नाविकों से समन्वय पर्याप्त जल सुरक्षा व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन समितियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी समस्त अधिशासी अधिकारी शाहिद अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *