बीएड में नामांकन के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप, वापसी के लिए न्यायालय में मुकदमा

लोकेशन बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट बीएड में नामांकन के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप, वापसी के लिए न्यायालय में मुकदमा

 

संवाददाता

बोकारो।चास स्थित एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चिकिसियां में बीएड पाठ्यक्रम में नामांकन के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने और राशि वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बोकारो न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में मुकदमा संख्या 356/24 लंबित है। बोकारो बार एसोसिएशन के वरीय अधिवक्ता सुनील प्रसाद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि राशि की वापसी के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिवक्ता सुनील प्रसाद के अनुसार, रामशरण चौधरी ने वर्ष 2019 में कॉलेज के प्राचार्य को बीएड पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए 1.20 लाख रुपये दिए थे। उस समय पूरे पाठ्यक्रम की फीस 1.50 लाख रुपये बताई गई थी। राशि लेने के बाद प्राचार्य ने कहा था कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने पर उन्हें सूचना दी जाएगी। इसके बाद वे कॉलेज पहुंचकर अपना नामांकन करा सकते हैं। इसी बीच कोरोना महामारी शुरू हो गई। इसके बाद रामशरण चौधरी ने कई बार कॉलेज का चक्कर लगाया, लेकिन उनका नामांकन नहीं हो सका। अधिवक्ता के मुताबिक, बाद में उनसे कथित तौर पर 2.50 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। इसके बाद रामशरण चौधरी ने दूसरे संस्थान में नामांकन लेकर बीएड पाठ्यक्रम पूरा किया।

अधिवक्ता ने बताया कि दूसरे संस्थान से पढ़ाई पूरी करने के बावजूद रामशरण चौधरी को पहले जमा किए गए 1.20 लाख रुपये वापस नहीं मिले। राशि की वापसी के लिए कॉलेज को कानूनी नोटिस भी भेजा गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया अधिवक्ता के अनुसार, इस मामले की जानकारी बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति और बोकारो के जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी दी गई थी। हालांकि, उनके मुताबिक, शिकायत की जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। फिलहाल मामला न्यायालय में लंबित है और इसका निपटारा न्यायिक प्रक्रिया के तहत होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *