एम सी बी छत्तीसगढ़: बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने एवं स्मार्ट मीटर हटाने को लेकर कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू

विनोद कुमार पाण्डेय

ब्यूरो चीफ

जिला:- एम सी बी छत्तीसगढ़

 

बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने एवं स्मार्ट मीटर हटाने को लेकर कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू

 

मनेंद्रगढ़, 01 अगस्त।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने तथा प्रदेशभर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार बिजली की दरों में वृद्धि कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। कांग्रेस सरकार के समय जनता को 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता था, जिसे समाप्त कर भाजपा सरकार ने आम उपभोक्ताओं के हितों पर कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी और जब तक बढ़ी हुई बिजली दरें वापस नहीं ली जातीं तथा स्मार्ट मीटर हटाए नहीं जाते, आंदोलन जारी रहेगा।

पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। लोगों को कई गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं और बिना सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करेगी तथा गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता को इस अभियान से जोड़ेगी।

 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि बिजली आम नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन भाजपा सरकार इसे जनता पर आर्थिक बोझ बनाने का काम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे, विरोध पत्र भरवाएंगे तथा जनता की आवाज को बिजली विभाग और सरकार तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ शहर सहित पूरे जिले में कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।

 

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जानी चाहिए।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता भावेश जैन ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लगातार अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है, जिसका कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

 

जिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि महंगाई के इस दौर में बढ़े हुए बिजली बिलों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। सरकार को जनहित में अपना निर्णय वापस लेना चाहिए।

 

जिला कांग्रेस महामंत्री रफीक मेमन ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन पूरी तरह जनहित का आंदोलन है, जिसमें आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

 

कांग्रेस नेता बलबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ जागरूक करेंगे और आंदोलन को मजबूत बनाएंगे।

 

कांग्रेस नेता अमर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी और बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार जिले में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। पहले चरण में बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा, दूसरे चरण में स्मार्ट मीटर के विरोध में घर-घर हस्ताक्षर अभियान एवं आवेदन भरवाए जाएंगे तथा आगे बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव और सरकार के विरुद्ध व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि बढ़ी हुई बिजली दरें तत्काल वापस ली जाएं, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू की जाए तथा जनता की सहमति के बिना लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *