Etawah News: पिलुआ महावीर मंदिर पर दसवां विशाल भंडारा संपन्न, छप्पन भोग के दिव्य प्रसाद के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पिलुआ महावीर मंदिर पर दसवां विशाल भंडारा संपन्न

छप्पन भोग के दिव्य प्रसाद के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 

जसवंतनगर,संवाददाता। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ पिलुआ महावीर मंदिर, रूरा में मंगलवार को दसवें विशाल भंडारे एवं छप्पन भोग उत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। बुढ़वा मंगल से ठीक पूर्व आने वाले मंगलवार को आयोजित होने वाले इस वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

श्री महावीर जी को अर्पित करने के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से विशेष छप्पन भोग तैयार किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों को पंक्तिबद्ध बैठाकर कार्यकर्ताओं ने आदर-सत्कार के साथ प्रसाद वितरित किया।

आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली से आए समिति के कार्यकर्ता दो दिन पूर्व ही मंदिर परिसर में पहुंच गए थे। पूरा कार्यक्रम सिद्ध पीठ पिलुआ हनुमानगढ़ी के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महंत हरभजन दास जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य आयोजक मांगीराम राठौर, परमानंद राठौर, सर्विस राठौर, जगदीश राठौर (फौजी), रंजीत राठौर, पवन राठौर समेत आसपास के राठौर समाज के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।

फोटो : पिलुआ महावीर मंदिर पर सजा छप्पन भोग व आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराते आयोजक एवं कार्यकर्ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *