राघोपुर-मल्लावां मार्ग पर सड़क धंसी, भारी बारिश के बाद बढ़ा हादसे का खतरा

*राघोपुर-मल्लावां मार्ग पर सड़क धंसी, भारी बारिश के बाद बढ़ा हादसे का खतरा*

 

ब्यूरो रिपोर्ट चन्दगीराम मिश्रा

हरदोई यूपी

हरदोई, मल्लावा। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण विकासखंड माधोगंज क्षेत्र में राघोपुर चौराहे से करीब 200 से 300 मीटर की दूरी पर मल्लावां की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बड़ा कटाव हो गया है। सड़क का किनारा धंसने से सड़क पर दरारें पड़ गई हैं और उसका एक हिस्सा नीचे की ओर खिसकता दिखाई दे रहा है। यह मार्ग मल्लावां को कन्नौज से जोड़ने वाला राजकीय संपर्क मार्ग है, जिस पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बना रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के दौरान सड़क किनारे बनी खंती में पानी भरने और तेज बहाव के कारण किनारे की मिट्टी कटती चली गई। इसके चलते सड़क का किनारा कमजोर होकर धंस गया। वर्तमान में सड़क के किनारे गहरा कटाव होने से वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का और हिस्सा भी धंस सकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मौके पर राहगीरों को सावधान करने के लिए पेड़ की टहनी रख दी गई है, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। खासकर रात के समय अंधेरे में सड़क किनारे हुआ कटाव वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए। और किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *