देसी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार,फर्रुखाबाद में मऊदरवाजा पुलिस ने अभियान के तहत पकड़ा
रेहान खान ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सफलता हासिल की है। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध देसी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी अजब सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान, बीबीगंज पुलिस चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक कासिफ हनीफ ने यह गिरफ्तारी की। पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 की देर रात उप निरीक्षक कासिफ हनीफ अपने साथी सिपाही नितिन कुमार, सिपाही नरेश गुर्जर और सिपाही प्रियांक चौधरी के साथ गश्त पर तैनात थे। वे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
पुलिस टीम बीबीगंज से गश्त करते हुए आर्रा पहाड़पुर तिराहे की तरफ जा रही थी। जैसे ही टीम तिराहे के पास पहुंची, एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम सिन्टू राजपूत पुत्र रामनिवास, निवासी दीवान मुबारक उत्तर, थाना मऊदरवाजा, फर्रुखाबाद जिले का, उम्र करीब 20 साल बताया। उसकी तलाशी लेने पर उसकी दाईं पैंट की जेब से एक अवैध देसी तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुआ।
पुलिस ने अभियुक्त सिन्टू राजपूत के खिलाफ मऊदरवाजा थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 9/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
