Etawah News: नशामुक्त भारत सेवा संकल्प अभियान के तहत हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में हुई वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन
रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज, जसवंतनगर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। माई भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से युवाओं ने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने, अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन जैसी खेल विधाओं के मुकाबले आयोजित किए गए। वॉलीबॉल बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबले में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की टीम ने माई भारत यूथ क्लब नगला तौर की टीम को कड़े संघर्ष के बाद 27-25 के अंतर से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज की ए टीम ने बी टीम को 25-6 के अंतर से हराकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज, जसवंतनगर की टीम ने श्री मुलायम सिंह यादव इंटर कॉलेज, रायनगर की टीम को 27-11 से हराकर जीत दर्ज की। बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज के छात्र ऋषभ ने अपने ही विद्यालय के मुकुल शुक्ला को 16-14 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आने की आवश्यकता है। खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। इसी उद्देश्य के साथ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक शुक्ला, विवेक गुप्ता मोना, श्रेयस मिश्रा, सुदीप प्रजापति, कार्यक्रम की नोडल कु. नीरज, ऋषभ पाठक, शिवेक, पीयूष, विवेक सहित यूथ क्लब के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने का संकल्प दोहराया।
फोटो कैप्शन: हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करतीं मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार तथा नशामुक्ति की शपथ लेते युवा।
