Etawah News: सिसहाट कबड्डी टूर्नामेंट में फिरोजाबाद की टीम ने मारी बाजी, सिसहाट क्लब को हराकर जीता फाइनल
जसवंतनगर में कबड्डी टूर्नामेंट में फिरोजाबाद की टीम बनी विजेता
जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम सिसहाट में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में विभिन्न जनपदों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बीच डोलपुरा, फिरोजाबाद की टीम ने सिसहाट क्लब की टीम को हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये की नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया, जबकि उपविजेता सिसहाट क्लब की टीम को 5,100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

ग्राम सिसहाट में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार सोनू यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ती है और उनमें अनुशासन, टीम भावना तथा प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
टूर्नामेंट में विभिन्न स्थानों से पहुंची कबड्डी टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कानपुर देहात, औरैया, सैफई, राजा का ताल-फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा तथा सिसहाट क्लब सहित कई टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले और मैदान पर मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
फाइनल मुकाबला सिसहाट क्लब और डोलपुरा, फिरोजाबाद की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। दर्शकों में भी फाइनल मुकाबले को लेकर खासा उत्साह नजर आया। रोमांचक मुकाबले के बाद डोलपुरा, फिरोजाबाद की टीम ने सिसहाट क्लब को पराजित कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों एवं अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विजेता डोलपुरा, फिरोजाबाद की टीम को 11,000 रुपये तथा उपविजेता सिसहाट क्लब की टीम को 5,100 रुपये की नगद धनराशि प्रदान की गई। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान टूर्नामेंट अध्यक्ष जगमोहन यादव, पुजारी यादव, मनीष यादव, अंकित यादव समेत आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।
