सहारनपुर से मोहम्मद अली मिर्ज़ा की खास रिपोर्ट
ढकदेई के दंगल में बंटी पहलवान का दबदबा, ‘छोटी माली’ जीतकर बने चैंपियन….
सहारनपुर। ग्राम ढकदेई में आयोजित तीन दिवसीय विशाल कुश्ती दंगल का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। दंगल में सहारनपुर सहित आसपास के जिलों और प्रदेश के विभिन्न अखाड़ों से पहुंचे नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया।

पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को खूब रोमांचित किया।दंगल में सहारनपुर स्थित प्रसिद्ध अखाड़ा फुलवारी आश्रम घसीटू महाराज के बंटी पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बंटी पहलवान ने प्रतियोगिता के दौरान कई मजबूत प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को पटखनी देते हुए फाइनल मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन किया।फाइनल मुकाबले में बंटी पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराकर ‘छोटी माली’ का खिताब अपने नाम कर लिया। उनकी जीत के बाद अखाड़े के समर्थकों और पहलवानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आयोजकों की ओर से बंटी पहलवान को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जीत के बाद अखाड़े के उस्तादों, साथी पहलवानों और समर्थकों ने बंटी पहलवान को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।
