सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
स्वामी चन्द्रदास इंटर कॉलेज के अध्यक्ष बने भरत मानसिंह, सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन
हँस्वा, फतेहपुर। स्वामी चन्द्रदास इंटर कॉलेज, हँस्वा में रविवार, 11 अक्टूबर को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। आम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से भरत मानसिंह को कॉलेज का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके निर्वाचन पर उपस्थित सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी।
निर्वाचन अधिकारी अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य श्याम लाल वर्मा तथा पर्यवेक्षक ममता गुप्ता की उपस्थिति में सुबह 11 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। आम सभा में आपसी सहमति बनने के बाद भरत मानसिंह के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक पीयूष खन्ना ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उच्च कोटि की शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ छात्र-छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना प्राथमिकता रहेगी।
वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष भरत मानसिंह ने शपथ ग्रहण करते हुए कहा कि वह अपने दायित्वों और कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
कोर कमेटी के सदस्य किशन मेहरोत्रा ने अध्यक्ष को बधाई देते हुए बताया कि छात्र-छात्राओं के उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जल्द ही विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में किशन मेहरोत्रा, राजेन्द्र मेहरोत्रा, सुधीर श्रीवास्तव, रूपकमल टण्डन, पंकज कक्कड़, राजीव मेहरोत्रा, नीरज कक्कड़, सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रशान्त श्रीवास्तव सहित कोर कमेटी एवं आम सभा के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष के नेतृत्व में विद्यालय में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
