सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
*डीसीएम चालक से हुई लूट का 24 घंटे में खुलासा, ऑटो सावर तीन लोगों को किया गिरफ्तार*
*लालच के चक्कर में घटना को दिया था अंजाम*
फतेहपुर । सुल्ताननगर हाईवे पर डीसीएम चालक से हुई लूट और मारपीट की घटना का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी और घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भूरा उर्फ निखिल गुप्ता निवासी गंगनगर थाना राधानगर, राहुल लोधी और बिनोद कुमार निवासी सेमोर थाना गाजीपुर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में तीनों ने बताया कि 28 जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे वे बिनोद के ऑटो से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में सलीमार होटल के पास उन्हें एक डीसीएम खड़ी दिखाई दी। चालक फरीद अली गाड़ी के पास आराम कर रहा था। आरोपियों ने मौका देखकर लूट की योजना बनाई। पहले भूरा चालक के पास पहुंचा और उसे धमकाकर एक हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद और रुपये की मांग करने पर जब चालक ने विरोध किया तो तीनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान चालक ने गाड़ी का गेट बंद करने की कोशिश की तो खींचतान में उसके सिर में चोट आ गई और खून निकलने लगा। घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए। लूटे गए रुपये को उन्होंने आपस में बांट लिया और कुछ हिस्सा खर्च भी कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी भूरा उर्फ निखिल के खिलाफ पहले से राधानगर और कोतवाली थाने में मारपीट और हत्या के प्रयास सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
