Etawah News: सर्विस रोड पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत

Etawah News: सर्विस रोड पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत

 

चालक बाल-बाल बचा, अमृत पंजाबी होटल के सामने देर रात हुआ हादसा; पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी

 

रिपोर्ट एम एस वर्मा मनोज कुमार TTN 24 NEWS

जसवंतनगर/इटावा: आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पेट्रोल टैंकर के हेल्पर की मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। हादसा अमृत पंजाबी होटल के सामने उस समय हुआ, जब दोनों सर्विस रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे जिओ कंपनी का पेट्रोल टैंकर सर्विस रोड पर खड़ा था। टैंकर चालक विकास शुक्ला पुत्र राजकिशोर शुक्ला निवासी बनीपारा महाराज, थाना रूरा (कानपुर देहात) तथा हेल्पर मनीष वर्मा पुत्र अशोक वर्मा निवासी सिमारा, थाना नौबस्ता (कानपुर नगर) सर्विस रोड पार कर रहे थे। तभी तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल मनीष वर्मा को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसवंतनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक विकास शुक्ला इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *