TTN 24न्यूज
ब्युरोचीफ़, शैलेन्द्रसिंह बारडोली गुजरात
सुरत क्राइम ब्रांच का हाफ एनकाउंटर पीएसआई की पिस्टल झपटकर भाग रहा 35 केसों का हिस्ट्रीशीटर, क्राइम ब्रांच ने पैर में मारी गोली।
उल्टी, घबराहट और यूरिन का बहाना बनाकर रुकवाई पुलिस वैन; सर्विस वेपन छीनकर भागने की कोशिश में पुलिस फायरिंग, जय दलाल हत्याकांड का आरोपी घायल।
सूरत भाजपा युवा नेता जय दलाल हत्याकांड और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जयेश उर्फ बारकु पाटील ने पुलिस हिरासत से भागने के लिए ऐसा दांव चला, जिसने क्राइम ब्रांच को भी चौंका दिया। लाजपोर जेल से ट्रांसफर वारंट पर क्राइम ब्रांच लाया जा रहा जयेश बुड़ाणा गांव की सीमा के पास उल्टी, घबराहट और यूरिन का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाने में सफल रहा।
वाहन रुकते ही उसने पीएसआई शैलेष दुबे का सर्विस वेपन झपट लिया और भागने की कोशिश की। पुलिस से हुई झड़प के दौरान फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजियाने बताया की जयेश से अवैध हथियारों के नए मामलों में पूछताछ के लिए अदालत से ट्रांसफर वारंट लिया गया था। पुलिस वाहन बुड़ाणा के पास पहुंचा तो आरोपी ने तबीयत बिगड़ने का बहाना बनाया।
मौका मिलते ही उसने पीएसआई का हथियार छीनकर फरार होने का प्रयास किया।जयेश का आपराधिक रिकॉर्ड भी बेहद लंबा है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार उसके खिलाफ 35 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई मामले शामिल हैं। जय दलाल हत्याकांड की जांच में भी उसका नाम सामने आया था। फिलहाल घायल आरोपी अस्पताल में पुलिस निगरानी में उपचाराधीन है और पूरे घटनाक्रम की आगे की जांच जारी है।
