ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से दंपती की दर्दनाक मौत, पोता गंभीर

बहराइच से शिव कुमार वर्मा की रिपोर्ट

ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से दंपती की दर्दनाक मौत, पोता गंभीर

 

बहराइच। जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, केवलपुर भड़का गांव निवासी गया प्रसाद (58) अपनी पत्नी बितानी देवी (55) और पोते रोहित के साथ सोमवार शाम करीब चार बजे मोटरसाइकिल से रायपुर की तरफ जा रहे थे। भवानीपुर महजीदिया मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गया प्रसाद और उनकी पत्नी बितानी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रभारी निरीक्षक खैरीघाट के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। घायल को उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *